views
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के ग्राम खजरी स्थित अनिमेष इस्पात संयंत्र में एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान टिकेश्वर वर्मा के रूप में हुई है, जो संयंत्र में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रविवार को डबल शिफ्ट में रात के समय ड्यूटी करने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि तबीयत खराब होने के बावजूद उसे तत्काल उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। देर रात उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सोमवार को मृतक के परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने अनिमेष इस्पात संयंत्र के सामने प्रदर्शन किया। विरोध के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से मृतक के आश्रितों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही गई है। हालांकि, इस संबंध में कंपनी की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
डबल शिफ्ट में कर रहा था ड्यूटी, अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, टिकेश्वर वर्मा संयंत्र में ऑपरेटर के पद पर काम करता था। रविवार को उसकी शिफ्ट ड्यूटी थी। बताया गया कि एक अन्य कर्मचारी के ड्यूटी पर नहीं आने के कारण टिकेश्वर को डबल शिफ्ट में काम करना पड़ रहा था। इसी दौरान रात में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों और संबंधित लोगों का आरोप है कि संयंत्र परिसर में उसे तत्काल पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। बाद में देर रात उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
परिजनों के प्रदर्शन के बाद 25 लाख मुआवजे की बात
कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। सोमवार को परिजनों के साथ जनप्रतिनिधियों ने संयंत्र के मुख्य द्वार के सामने प्रदर्शन किया और कंपनी प्रबंधन से मुआवजे की मांग की।
बताया जा रहा है कि जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए कंपनी प्रबंधन से चर्चा की। इसके बाद मृतक के आश्रितों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनने की बात सामने आई है। हालांकि, मुआवजे की राशि और भुगतान को लेकर अभी आधिकारिक लिखित पुष्टि सामने नहीं आई है।
औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल
इस घटना ने जिले के औद्योगिक संयंत्रों में कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों में समय-समय पर दुर्घटनाएं और कर्मचारियों की मौत की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को लेकर प्रभावी निगरानी की जरूरत है।
लोगों ने औद्योगिक सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि संयंत्रों में कर्मचारियों की सुरक्षा, ड्यूटी के घंटे और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की नियमित जांच होनी चाहिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना के बाद प्रशासन ने मृतक का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के निर्देश दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही टिकेश्वर वर्मा की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
अब देखना होगा कि जांच में डबल शिफ्ट में काम कराने, समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं तथा प्रशासन कंपनी प्रबंधन के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।
