views
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। CRPF पोस्ट पर फायरिंग करने वाले लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को बुधवार 18 नवंबर को मुठभेड़ में मार गिराया गया। वह देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव स्थित एक मस्जिद में छिपा हुआ था। खास बात यह रही कि एनकाउंटर से पहले सुरक्षाबलों ने उसे वीडियो कॉल कर सरेंडर करने का मौका दिया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया।
वीडियो कॉल पर सुरक्षाबलों ने समझाया, आतंकी ने किया इनकार
मुठभेड़ से पहले पुलिस अधिकारियों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल पर संपर्क किया और उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया। अधिकारी ने उससे कहा कि हम तुम्हारे साथ हैं और जिंदगी अभी बाकी है। इस पर लतीफ ने जवाब दिया कि उसे अल्लाह से मुलाकात करनी है और वह सरेंडर नहीं करेगा। इसके बाद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन आगे बढ़ाया और उसे मार गिराया।
CRPF पोस्ट पर फायरिंग में घायल हुए थे 3 जवान
सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों आतंकी फरार हो गए थे।
16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में पुलिस और सुरक्षाबलों ने दोनों को घेर लिया था। मुठभेड़ में आतंकी उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भागने में सफल रहा। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
दो दिन की तलाश के बाद मस्जिद में मिला आतंकी
लगातार सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को जानकारी मिली कि लतीफ देवसर के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी की। उसे आत्मसमर्पण का मौका भी दिया गया, लेकिन इनकार करने के बाद हुई कार्रवाई में वह मारा गया।
लतीफ पर था 15 लाख रुपये का इनाम
22 वर्षीय लतीफ भट पर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बताया जाता है कि वह वर्ष 2025 की शुरुआत में घर से लापता हो गया था। बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन TRF में भर्ती किया था।
लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में कुछ समय अध्ययन किया और फिर बढ़ई का काम करने लगा।
अमित शाह ने सुरक्षाबलों को दी बधाई
लतीफ के मारे जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पूरे ऑपरेशन के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के जवानों के साहस को सलाम किया।
वहीं, CRPF प्रमुख ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सुरक्षाबलों को बधाई दी।
