views
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध लकड़ी कटाई की जांच करने पहुंचे वन विभाग के डिप्टी रेंजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीण ने डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें थप्पड़ मारा और उनकी वर्दी फाड़ दी। मारपीट में अधिकारी की गर्दन पर चोट आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी (43) को गिरफ्तार कर लिया है।
अवैध कटाई की जांच करने पहुंचे थे डिप्टी रेंजर
जानकारी के मुताबिक, घटना 24 अक्टूबर की है। डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह परिसर में निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली। इसके बाद वे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ जांच करने मौके पर पहुंचे। टीम ने जांच के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की।
कार्रवाई का विरोध कर ग्रामीण ने की मारपीट
बताया जा रहा है कि जांच पूरी करने के बाद जब डिप्टी रेंजर वापस लौट रहे थे, तभी आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी वहां पहुंचा और कार्रवाई को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक अपशब्द कहे। विरोध करने पर आरोपी ने अधिकारी का हाथ और गर्दन पकड़कर मारपीट की तथा थप्पड़ मारकर वर्दी के बटन तोड़ दिए। इस दौरान डिप्टी रेंजर की गर्दन पर खरोंच आई।
वन विभाग की जमीन पर कब्जे का आरोप
बताया जा रहा है कि आरोपी का वन विभाग की जमीन पर कब्जा है। इसी वजह से वह जांच और विभागीय कार्रवाई का विरोध कर रहा था। घटना के दौरान डिप्टी रेंजर ने वीडियो भी बनाया, जो अब सामने आया है।
SC-ST एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
घटना के बाद डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 121(1), 132 और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(va) के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी (43) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामलों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
