Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी होगा ट्रैंकुलाइज, 2 कुमकी हाथी बुलाए गए; 12 स्कूलों में छुट्टी
19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी होगा ट्रैंकुलाइज, 2 कुमकी हाथी बुलाए गए; 12 स्कूलों में छुट्टी

सूरजपुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले में दहशत का पर्याय बन चुके आक्रामक कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पिछले 6 महीनों में यह हाथी 19 लोगों की जान ले चुका है। गुरुवार को भी हाथी ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।

कबरा हाथी फिलहाल उदयपुर वन परिक्षेत्र के सायर जंगल में मौजूद है। उसे ट्रैंकुलाइज (बेहोश) कर पकड़ने के लिए रमकोला रेस्क्यू सेंटर से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को बुलाया गया है। इसके साथ ही बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के करीब एक दर्जन स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है। वन विभाग ड्रोन के जरिए लगातार हाथी की लोकेशन पर नजर रख रहा है।

दो दिनों में तीन महिलाओं पर हमला, दो की मौत

जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात कबरा हाथी प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर और श्यामपुर पहुंचा था। यहां उसने 45 वर्षीय दिलासो को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद गुरुवार को हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी गांव पहुंचा। यहां घर से बाहर निकली 70 वर्षीय अंतीबाई को हाथी ने कुचल दिया। इस हमले में उनकी मौत हो गई। इसी गांव में हाथी ने एक अन्य महिला पर भी हमला किया, जो गंभीर रूप से घायल है।

कबरा हाथी को काबू करने पहुंचे दो कुमकी हाथी

लगातार जानलेवा हमलों और आक्रामक व्यवहार को देखते हुए वन विभाग ने अब कबरा हाथी को पकड़कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर भेजने का फैसला लिया है। इसके लिए रेस्क्यू सेंटर से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को उदयपुर बुलाया गया है।

वहीं, बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम भी पहुंच चुकी है। विशेषज्ञों, कुमकी हाथियों और वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम सायर जंगल में ऑपरेशन चला रही है। योजना के तहत पहले कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज किया जाएगा, इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया जाएगा।

12 स्कूलों में छुट्टी, ड्रोन से हो रही निगरानी

कबरा हाथी की मौजूदगी और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए सायर, कुदर, बसवार समेत आसपास के गांवों के करीब एक दर्जन स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी कर दी गई है।

वन विभाग की टीमें ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोक रही हैं। पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ड्रोन की मदद से जंगल के भीतर हाथी की गतिविधियों और लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हाथी की सही स्थिति का पता लगाया जा सके।

आक्रामक व्यवहार के कारण बदला गया रेडियो कॉलर लगाने का फैसला

सीसीएफ वाइल्ड लाइफ सरगुजा डॉ. प्रणव मिश्रा ने बताया कि पहले कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति मिली थी, लेकिन लगातार हमलों और उसके आक्रामक व्यवहार को देखते हुए अब उसे पकड़कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर में रखने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने बताया कि हाथी के व्यवहार में सुधार आने के बाद उसे पास के जंगल में छोड़ा जाएगा। रेडियो कॉलर लगाने से भविष्य में उसकी लोकेशन की निगरानी करना आसान होगा और आसपास के गांवों के लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सकेगा।

क्या होता है रेडियो कॉलर?

रेडियो कॉलर एक विशेष ट्रैकिंग डिवाइस है, जिसे पट्टे की मदद से हाथी के गले में पहनाया जाता है। इस डिवाइस के जरिए वन विभाग को हाथी की लोकेशन की जानकारी मिलती रहती है। इससे हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और उसके आसपास के गांवों को पहले से अलर्ट करने में मदद मिलती है।

सरगुजा क्षेत्र में इससे पहले भी करीब आधा दर्जन खतरनाक हाथियों को रेडियो कॉलर लगाए जा चुके हैं। हालांकि, यह प्रयोग ज्यादा सफल नहीं रहा। कुछ दिनों बाद कई हाथियों के रेडियो कॉलर या तो गिर गए या हाथियों ने खुद निकाल दिए थे।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here