views
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कुनकुरी-तपकरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। केरसई के पास तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पेड़ पर अटक गई। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार बाइक को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोग छठ पर्व मनाने के लिए रायगढ़ से बिहार के बोधगया जा रहे थे। वहीं, बाइक सवार दोनों युवक राजमिस्त्री का काम करने के लिए केरसई की ओर जा रहे थे। घटना ऊपरकछार पुलिस चौकी क्षेत्र की है।
बाइक को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकराई कार
जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी निवासी विजय लकड़ा और जीवन कुजूर बाइक से केरसई की ओर जा रहे थे। दोनों राजमिस्त्री का काम करने निकले थे। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही टोयोटा अर्बन क्रूजर कार से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार सड़क किनारे स्थित दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए सीधे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार विजय लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीवन कुजूर घायल हो गए।
छठ मनाने बिहार जा रहा था परिवार, 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। सभी छठ पर्व मनाने के लिए रायगढ़ से बिहार के बोधगया जा रहे थे। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। इनमें 76 वर्षीय रामेश्वर सिंह की हालत गंभीर बताई गई।
उन्हें बेहतर इलाज के लिए झारखंड की राजधानी रांची ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, प्रवीण सिंह समेत कार में सवार अन्य लोग घायल हुए हैं।
CCTV फुटेज में कैद हुआ हादसा
इस भीषण दुर्घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि कार बाइक को टक्कर मारती है और इसके बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकान के प्लेटफॉर्म को तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराती है। हादसे के बाद कार पेड़ पर अटक गई।
दो परिवारों में पसरा मातम, पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इस दुर्घटना में बाइक सवार विजय लकड़ा और कार सवार रामेश्वर सिंह की मौत हुई है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
फिलहाल, ऊपरकछार पुलिस चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
