Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
छत्तीसगढ़ धान खरीदी 2026: पहले ही दिन किसानों की बढ़ी परेशानी, दुर्ग में रकबा कटने पर आत्महत्या की चेतावनी; सुकमा में एक भी टोकन नहीं कटा
छत्तीसगढ़ धान खरीदी 2026: पहले ही दिन किसानों की बढ़ी परेशानी, दुर्ग में रकबा कटने पर आत्महत्या की चेतावनी; सुकमा में एक भी टोकन नहीं कटा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हो गई है, लेकिन पहले ही दिन कई जिलों में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कहीं ऑनलाइन टोकन की तारीख जनवरी में मिल रही है, तो कहीं पंजीकृत रकबा कम होने से किसान अपना पूरा धान बेचने से वंचित हो रहे हैं। दुर्ग जिले में डेढ़ एकड़ जमीन का रकबा रिकॉर्ड से कम होने पर एक किसान ने 33 क्विंटल धान नहीं बिकने की आशंका जताते हुए आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। वहीं, सुकमा जिले में पहले दिन दोपहर 12 बजे तक किसी भी किसान का टोकन नहीं कटा और खरीदी केंद्रों में सन्नाटा पसरा रहा।

इस साल राज्य सरकार ने किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का निर्णय लिया है। एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। प्रदेशभर में 27.50 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़ाकर 3100 कर दी गई है।

दुर्ग में ऑनलाइन टोकन की तारीख 21 जनवरी मिली

दुर्ग जिले के 123 धान खरीदी केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, किसानों को टोकन मिलने में परेशानी हो रही है। अंडा खरीदी केंद्र पहुंचे जंजगिरी निवासी किसान तुलाराम देशमुख को ऑनलाइन टोकन की तारीख 21 जनवरी मिली है।

उन्होंने जल्द धान बेचने के लिए ऑफलाइन टोकन की प्रक्रिया में भी अपना नाम दर्ज कराया है। किसानों का कहना है कि टोकन की तारीख काफी आगे मिलने से फसल बेचने और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो सकती है।

डेढ़ एकड़ रकबा कटा, 33 क्विंटल धान नहीं बिकने की चिंता

दुर्ग जिले के किसान शिवप्रसाद निर्मलकर ने बताया कि उनके जमीन के रिकॉर्ड में 67 आर यानी करीब डेढ़ एकड़ रकबा कम हो गया है। इसके कारण करीब 33 क्विंटल धान बेचने में परेशानी आ रही है।

किसान का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की है। अब रकबा कम दर्ज होने से उनकी पूरी फसल की खरीदी नहीं हो पाएगी। इसी परेशानी से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।

मामले की शिकायत कलेक्टर से किए जाने के बाद अधिकारियों ने रकबे से जुड़ी गलती सुधारकर दो-तीन दिन में मुख्य कार्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं।

सुकमा में पहले दिन एक भी किसान का टोकन नहीं कटा

सुकमा जिले में धान खरीदी के पहले दिन स्थिति अलग रही। यहां किसी भी किसान का टोकन नहीं कट सका। दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय के धान खरीदी केंद्र में न तो किसान पहुंचे और न ही धान से भरी गाड़ियां आईं।

हालांकि, खरीदी केंद्र में धान खरीदी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पहले दिन खरीदी शुरू नहीं होने से व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

धमतरी में 550 से ज्यादा किसानों ने कटवाया टोकन

दूसरी ओर धमतरी जिले में पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन कटवाया। वहीं, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 95 केंद्रों और कांकेर जिले के 163 केंद्रों में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी की शुरुआत हुई।

ऑनलाइन प्रक्रिया से हो रहा पंजीयन और टोकन

इस वर्ष धान खरीदी के लिए किसान पंजीयन, टोकन जारी करने और खेतों में बोई गई फसल के सत्यापन की प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है। प्रदेश में 27.50 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है।

सरकार ने इस बार खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 3100 कर दी है। प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी और 3100 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। हालांकि, शुरुआती दिन सामने आई टोकन और रकबा संबंधी समस्याओं ने खरीदी व्यवस्था के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here