views
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने सौरभ चंद्राकर से मिली जानकारी और जांच में जुटाए गए डिजिटल एवं दस्तावेजी सबूतों के आधार पर देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें बंद करा दिया गया है।
CBI की कार्रवाई में मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए सट्टेबाजी की रकम का लेनदेन किए जाने के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
सौरभ चंद्राकर की पूछताछ के बाद 33 ठिकानों पर छापेमारी
CBI के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान प्लेटफॉर्म के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं। इसके बाद जांच एजेंसी ने अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए पाए गए। इन्हें बंद कराया गया। जांच टीम ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और ऐसे दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनसे कथित वित्तीय लेनदेन और नेटवर्क के संचालन की जानकारी मिल सकती है।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ चंद्राकर
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाए जाने के बाद CBI ने 1 नवंबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा था।
पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने पर 12 नवंबर को उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। यहां से अदालत ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कैसे काम करता था महादेव सट्टेबाजी का नेटवर्क?
CBI की जांच के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश में स्थित मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता था। भारत में इसका नेटवर्क पैनल ऑपरेटरों के माध्यम से फैला हुआ था।
जांच एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क में पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते थे और सट्टेबाजी के लिए रकम जमा कराने का काम करते थे। इसके लिए कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए मुनाफे की रकम विदेश भेजे जाने की बात सामने आई है।
सरकारी अधिकारियों और विदेश में बैठे आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
CBI महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसमें विदेश में मौजूद आरोपी, नेटवर्क को मदद पहुंचाने वाले लोग और कथित रूप से जुड़े सरकारी अधिकारी शामिल हैं।
जांच एजेंसी फरार आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है। फिलहाल जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
