views
रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी मंगलवार को अपनी गिरफ्तारी देने रायपुर के सिविल लाइन थाना पहुंचे। आपत्तिजनक वीडियो मामले में पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। दरअसल, अमित जोगी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को लेकर आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है। इस मामले में भाजपा नेता राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर FIR दर्ज कराई थी।
अमित जोगी के वीडियो पर भाजपा ने जताई थी कड़ी आपत्ति
मामला अमित जोगी द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। आरोप है कि वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इसका विरोध करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई FIR
भाजपा नेता राजेश मूणत ने इस मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। मीडिया से चर्चा करते हुए मूणत ने कहा था कि देश के प्रधानमंत्री और चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, वह निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होती है। अपनी बात रखने का एक तरीका होता है, लेकिन इस तरह की प्रस्तुति उचित नहीं है।
थाने में अमित जोगी से पूछताछ जारी
FIR दर्ज होने के बाद अब अमित जोगी गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाने पहुंचे हैं। पुलिस उनसे पूरे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस मामले में आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
