views
रायपुर। करियर में पदोन्नति की धीमी प्रक्रिया और वरिष्ठता सूची लंबित होने के विरोध में ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ सुपरिटेंडेंट्स ऑफ सेंट्रल टैक्स (AIASCT) ने राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। इसके तहत देशभर के सेंट्रल GST सुपरिटेंडेंट्स 23 से 27 नवंबर तक काला बैज पहनकर नियमित काम करेंगे।
30 साल की सेवा में सिर्फ एक प्रमोशन मिलने से नाराजगी
एसोसिएशन के मुताबिक, अधिकारियों को करीब 30 साल की सेवा के दौरान केवल एक प्रमोशन मिलने से उनमें असंतोष है। संगठन लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया में सुधार और करियर में आगे बढ़ने के समान अवसर की मांग कर रहा है।
2014 से लंबित वरिष्ठता सूची और कैडर रीस्ट्रक्चरिंग की मांग
सेंट्रल GST सुपरिटेंडेंट्स की प्रमुख मांगों में वर्ष 2014 से लंबित वरिष्ठता सूची जारी करना और कैडर रीस्ट्रक्चरिंग शामिल है। एसोसिएशन का कहना है कि इन मुद्दों के लंबित रहने से अधिकारियों की पदोन्नति प्रभावित हो रही है।
अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी दिया समर्थन
इस विरोध प्रदर्शन को सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर्स एसोसिएशन (AICEIA) और CIRSA ने भी समर्थन दिया है। इन संगठनों ने सेंट्रल GST सुपरिटेंडेंट्स की मांगों के प्रति एकजुटता जताई है। काला बैज पहनकर विरोध जताने का यह कार्यक्रम 27 नवंबर तक जारी रहेगा।
