views
कोरबा: ऊर्जानगरी के परिवहन नगर यानी टीपी नगर में इन दिनों बिजली, कोयला और कारोबार से एक नए व्यवसाय की खूब चर्चा है। सूत्रों की माने तो यहां स्पा सेंटरों और थाई मसाज पार्लरों की संख्या जिस तेजी से बढ़ रही है, उसने पूरे इलाके को स्पा कारोबार के नए हॉट स्पॉट के रूप में चर्चा में ला दिया है। एक-दो नहीं, बल्कि कम से कम 10 स्थानों पर स्पा सेंटर संचालित होने की जानकारी सामने आ रही है। सवाल यह है कि आखिर टीपी नगर में इस कारोबार की ऐसी कौन सी डिमांड पैदा हो गई कि एक के बाद एक नए सेंटर खुलते चले जा रहे हैं?
एक मॉल के आसपास, कॉफी हाउस के सामने और चोला फाइनेंस के ऊपर स्थित बिल्डिंग समेत टीपी नगर के अलग-अलग व्यावसायिक ठिकानों पर स्पा कारोबार की मौजूदगी बताई जा रही है। थाई मसाज के नाम पर संचालित इन प्रतिष्ठानों की बढ़ती संख्या अब आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बन गई है। कारोबार का विस्तार जितनी तेजी से हो रहा है, उतनी ही तेजी से इसके संचालन, कर्मचारियों के सत्यापन और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
थाई मसाज का कारोबार या कमाई का कोई खास फॉर्मूला?
स्पा सेंटर खोलना कोई अपराध नहीं है। वैध तरीके से वेलनेस और मसाज सेवाएं देना एक सामान्य व्यावसायिक गतिविधि है। लेकिन जब किसी एक इलाके में अचानक ऐसे प्रतिष्ठानों की बाढ़ आने लगे तो उनके कारोबार का गणित जानना भी जरूरी हो जाता है।
आखिर टीपी नगर में ही स्पा सेंटर संचालकों की इतनी दिलचस्पी क्यों है? क्या यहां ग्राहकों की मांग इतनी अधिक है या फिर इस व्यवसाय में कमाई की संभावनाएं दूसरे कारोबारों से ज्यादा आकर्षक हैं? एक सेंटर खुलता है और उसके बाद दूसरा, तीसरा और फिर देखते ही देखते कई नए ठिकाने सामने आने लगते हैं।
जनमानस के बीच उठ रहे इन सवालों का जवाब केवल पारदर्शी जांच से ही मिल सकता है।
विदेशी महिलाओं की मौजूदगी की चर्चा, वीजा और दस्तावेज कौन जांचेगा?
इस पूरे मामले में विदेशी महिलाओं की मौजूदगी को लेकर हो रही चर्चाओं ने उत्सुकता और बढ़ा दी है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या इन सेंटरों में विदेशी नागरिक भी काम कर रही हैं? यदि ऐसा है तो उनके वीजा, रोजगार की अनुमति और अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया है?
क्या संबंधित एजेंसियों को इसकी जानकारी है? क्या स्पा सेंटरों में काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया है? संचालकों के पास जरूरी पंजीयन और अनुमतियां हैं या नहीं?
यह किसी प्रतिष्ठान या कर्मचारी को संदेह के घेरे में खड़ा करने का मामला नहीं, बल्कि नियमों के पालन और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने का सवाल है। विदेशी नागरिकों के रोजगार और ठहरने से जुड़े नियमों की जांच भी संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।
पुलिस की नजर में सब ठीक या फिर निगरानी का सिस्टम ही मसाज ले रहा है?
टीपी नगर में स्पा सेंटरों की बढ़ती संख्या के बीच सबसे बड़ा सवाल पुलिस की सक्रियता को लेकर है। क्या पुलिस के पास इन सभी प्रतिष्ठानों की सूची है? क्या संचालकों और कर्मचारियों का सत्यापन कराया गया है? क्या कभी औचक निरीक्षण कर इनकी वास्तविक गतिविधियों की पड़ताल की गई है?
यदि सभी सेंटर नियमों के मुताबिक संचालित हो रहे हैं तो पुलिस को इसकी जानकारी सार्वजनिक करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। लेकिन यदि किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन या अवैध गतिविधि सामने आती है तो कार्रवाई भी उतनी ही जरूरी है।
आखिर शहर के इतने व्यस्त व्यावसायिक इलाके में 10 से ज्यादा स्पा सेंटरों का संचालन हो रहा है और जिम्मेदार महकमे की निगरानी व्यवस्था कितनी सक्रिय है, यह जानना जनता का अधिकार है।
सेंटरों में मसाज, पुलिस की निगरानी को आराम!
टीपी नगर में स्पा सेंटरों का कारोबार जिस रफ्तार से फैल रहा है, उसे देखकर लगता है कि वेलनेस इंडस्ट्री ने कोरबा में नया बाजार तलाश लिया है। पॉम मॉल से कॉफी हाउस तक कारोबार के नए ठिकाने बन रहे हैं। विदेशी महिलाओं की मौजूदगी की चर्चाएं भी बाजार को गर्म रखे हुए हैं।
लेकिन जनमानस का सवाल है कि आखिर इस पूरे कारोबार की निगरानी कौन कर रहा है? पुलिस की नजर इन सेंटरों पर है या फिर जिम्मेदारों ने भी आंखें मूंद रखी हैं?
मसाज सेंटरों में ग्राहकों की थकान दूर हो रही है या नहीं, यह उनका निजी मामला है। लेकिन कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले महकमे की सुस्ती जरूर दूर होनी चाहिए।
अब देखना यह है कि पुलिस टीपी नगर के स्पा सेंटरों की सूची बनाकर दस्तावेजों, कर्मचारियों और विदेशी नागरिकों से जुड़े नियमों की जांच करती है या फिर इस हॉट स्पॉट की गर्माहट सिर्फ जनचर्चाओं तक ही सीमित रह जाती है?
क्योंकि सवाल सिर्फ स्पा सेंटरों की बढ़ती संख्या का नहीं, बल्कि यह भी है कि टीपी नगर में कारोबार की रफ्तार बढ़ रही है तो पुलिस की निगरानी की रफ्तार आखिर कब बढ़ेगी?
10 से ज्यादा ठिकानों पर कारोबार, विदेशी महिलाओं की मौजूदगी की चर्चा… पुलिस की खामोशी के क्या हैं मायने?
