views
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मुख्य मार्ग पर चलती कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी और हुड़दंग करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। तेज रफ्तार कार में जान जोखिम में डालकर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दीपका पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने कार जब्त कर तीनों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
तेज रफ्तार कार में खिड़कियों से बाहर निकलकर कर रहे थे स्टंट
जानकारी के अनुसार, दीपका मुख्य मार्ग पर वाहन क्रमांक CG12 BD 7800 (XL6) में तीन युवक सवार थे। इनमें ड्राइवर प्रकाश चौहान के साथ मोहन सिंह और महेंद्र सिंह शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की खिड़कियां खोलकर दो युवक बाहर की ओर निकले हुए थे। तेज रफ्तार में चलती कार के दौरान वे स्टंटबाजी और हुड़दंग कर रहे थे। उनकी इस हरकत से सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई
इस पूरी घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने वाहन की पहचान कर कार जब्त कर ली। साथ ही तीनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ BNS और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया।
सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर भी चला अभियान
स्टंटबाजी के मामले में कार्रवाई के साथ ही दीपका पुलिस ने मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। सड़क किनारे और बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस ने ऐसे वाहनों को हटवाया और वाहन चालकों को दोबारा इस तरह पार्किंग नहीं करने की चेतावनी दी।
थाना प्रभारी ने की यातायात नियमों के पालन की अपील
थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंटबाजी, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
