views
शहर की जर्जर सड़कों से लंबे समय से परेशान आम नागरिकों और राहगीरों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर सड़क सुधार और डामरीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़े कोसाबाड़ी से घंटाघर मार्ग पर मरम्मत और डामरीकरण कार्य प्रारंभ हो चुका है। प्रगति कंस्ट्रक्शन (Pragati Construction) के द्वारा कार्य कराया जा रहा है। इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सड़क वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। अब काम शुरू होने से लोगों को आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है। शहर के कई व्यस्त मार्गों पर सड़क की खराब स्थिति के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढे और उखड़ी सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बने हुए थे। वहीं, चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी। बारिश और लगातार वाहनों के दबाव के बीच सड़कों की स्थिति और खराब होने से नागरिकों में नाराजगी भी देखी जा रही थी। अब करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न मार्गों के निर्माण और सुधार की पहल शुरू होने के बाद शहरवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की आस जगी है। हालांकि, नागरिकों की अपेक्षा है कि डामरीकरण का काम केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता और मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कुछ ही महीनों में सड़कें दोबारा जर्जर न हों। गौरतलब है कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में भी शहर की सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण कराया जाता रहा, लेकिन कई स्थानों पर कुछ ही समय बाद सड़कें फिर से बदहाल हो गई थीं। ऐसे में इस बार हो रहे सड़क सुधार कार्यों की गुणवत्ता और नियमित निगरानी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शहर के विकास को लेकर बढ़ी उम्मीदें – कोरबा में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और शहर की तस्वीर बदलने के प्रयासों के बीच उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की भूमिका को लेकर भी चर्चा हो रही है। प्रमुख मार्गों पर डामरीकरण की शुरुआत को शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
