Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
CG News: छत्तीसगढ़ में 24 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश, स्कूल-बैंक और सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद
CG News: छत्तीसगढ़ में 24 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश, स्कूल-बैंक और सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर महीने के अंतिम सप्ताह में प्रदेशवासियों को एक और सार्वजनिक अवकाश मिलने जा रहा है। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को प्रदेशभर में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन सभी सरकारी कार्यालयों और बैंकों में कामकाज बंद रहेगा। वहीं, स्कूलों में भी छुट्टी रहेगी। ऐसे में विद्यार्थियों को नवंबर महीने में एक और दिन अवकाश का लाभ मिलेगा।

छत्तीसगढ़ शासन के वार्षिक अवकाश कैलेंडर के अनुसार, गुरु नानक जयंती के अवसर पर 24 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह पर्व सिख समुदाय के लिए विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। इस अवसर पर प्रदेशभर के गुरुद्वारों में विशेष दीवान, गुरुवाणी कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु गुरुद्वारों में पहुंचकर गुरु नानक देव जी के समक्ष मत्था टेकेंगे और उनके बताए मानवता, समानता एवं सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेंगे।

नवंबर में एक और छुट्टी, सरकारी दफ्तर और बैंक रहेंगे बंद

नवंबर का महीना इस बार त्योहारों और छुट्टियों के लिहाज से खास रहा है। दिवाली, भाई दूज, छठ पूजा और देवउठनी एकादशी जैसे पर्वों के चलते अलग-अलग दिनों में अवकाश रहा। अब महीने के अंतिम सप्ताह में गुरु नानक जयंती के अवसर पर 24 नवंबर को एक और सार्वजनिक छुट्टी मिलेगी।

इस दिन प्रदेश के सरकारी कार्यालयों और बैंकों में नियमित कामकाज नहीं होगा। स्कूलों में भी अवकाश रहेगा। ऐसे में सरकारी कामकाज और बैंक से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए लोगों को छुट्टी के बाद का इंतजार करना पड़ सकता है।

रायपुर में निकला भव्य नगर कीर्तन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर राजधानी रायपुर में रविवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, स्टेशन रोड से शुरू हुए इस नगर कीर्तन की अगुवाई पंच प्यारों ने की। फूलों से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी के साथ निकले नगर कीर्तन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

नगर कीर्तन स्टेशन रोड से फाफाडीह चौक, शास्त्री चौक और गौरवपथ होते हुए करीब पांच घंटे में तेलीबांधा स्थित बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पंच प्यारों का स्वागत किया। रागी सिंहों के गुरबाणी कीर्तन और गतका दल के पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

नगर कीर्तन में लंगर सेवा और मानवता का संदेश देने वाली झांकियां भी शामिल रहीं। इनके माध्यम से गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख उपदेशों 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' यानी ईश्वर का स्मरण करो, मेहनत से कमाओ और मिल-बांटकर खाओ का संदेश दिया गया। नगर कीर्तन के दौरान सेवादारों ने स्वच्छता और सफाई की जिम्मेदारी भी निभाई।

24 नवंबर को खालसा स्कूल में सजेगा विशेष धार्मिक दीवान

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर 24 नवंबर को रायपुर के खालसा स्कूल परिसर में गुरुवाणी कीर्तन का विशेष दीवान सजाया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा राजधानी सहित प्रदेश के विभिन्न गुरुद्वारों में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम, अरदास, कीर्तन और लंगर सेवा का आयोजन किया जाएगा।

प्रकाश पर्व के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता, सद्भाव, सेवा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here