Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
Korba News: बुधवारी बाजार में महापौर संजू देवी राजपूत का धरना, निगम के वाहनों से परेशान छोटे व्यापारियों के समर्थन में सड़क पर बैठीं
Korba News: बुधवारी बाजार में महापौर संजू देवी राजपूत का धरना, निगम के वाहनों से परेशान छोटे व्यापारियों के समर्थन में सड़क पर बैठीं

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित बुधवारी बाजार में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब छोटे व्यापारियों की शिकायत पर महापौर संजू देवी राजपूत मौके पर पहुंचीं। बाजार में सड़क किनारे खड़े नगर निगम के वाहनों को हटाने के निर्देश देने के बावजूद जब कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो महापौर नाराज होकर सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। महापौर के इस विरोध के बाद नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे और निगम के वाहनों को वहां से हटवाया।

निगम कर्मचारियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हो चुका है विवाद

जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले नगर निगम आयुक्त ने बुधवारी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे कारोबार करने वाले लोगों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम कर्मचारी कार्रवाई करने पहुंचे थे, जहां स्थानीय विक्रेताओं और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके विरोध में निगम कर्मचारियों ने बुधवारी मोड़ पर अपने वाहन खड़े कर दिए थे।

छठ पूजा के लिए दुकान लगाने पहुंचे व्यापारियों को हुई परेशानी

शनिवार को छठ पूजा के अवसर पर छोटे व्यापारी बाजार में दुकान और पसरी लगाने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनकी दुकानों के आसपास नगर निगम के वाहन खड़े हैं। वाहनों की वजह से उन्हें कारोबार करने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद व्यापारियों ने महापौर संजू देवी राजपूत से इसकी शिकायत की।

कर्मचारियों ने नहीं मानी बात तो सड़क पर धरने पर बैठीं महापौर

व्यापारियों की शिकायत मिलते ही महापौर तत्काल बुधवारी बाजार पहुंचीं। उन्होंने निगम कर्मचारियों को सड़क किनारे खड़े वाहन हटाने के निर्देश दिए। हालांकि, उनके निर्देश पर तत्काल अमल नहीं होने से महापौर नाराज हो गईं और सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे और वाहनों को हटवाने की कार्रवाई शुरू की।

व्यापार करने का अधिकार सभी को : महापौर

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को व्यवसाय करने का अधिकार है। त्योहार के समय छोटे व्यापारियों को इस तरह परेशान करना उचित नहीं है। नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मण श्रीवास ने कहा कि नगर निगम को सभी व्यापारियों के खिलाफ एकरूपता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। प्रत्येक व्यापारी को व्यवसाय करने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। किसी एक वर्ग या व्यक्ति को निशाना बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है।

वाहनों को हटाने के बाद समाप्त हुआ धरना

महापौर के विरोध और धरने के बाद निगम अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और बुधवारी बाजार में सड़क किनारे खड़े नगर निगम के वाहनों को हटवा दिया। इसके बाद महापौर ने अपना धरना समाप्त किया और मौके से रवाना हो गईं। घटना के बाद बाजार में व्यापारियों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here