views
नई दिल्ली। देश की राजनीति में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सेवातीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।
प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी। वहीं, राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को अगले 25 साल यानी 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है। इस फैसले के बाद देश में परिसीमन, महिला आरक्षण और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर बहस तेज हो गई है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में यह महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की है कि वे विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लें और अपनी बात सदन में रखें।
परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस का विरोध, सांसदों को जारी किया व्हिप
संविधान संशोधन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। कांग्रेस ने सरकार पर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए राजनीतिक रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। पार्टी की संसदीय रणनीति समूह की बैठक दिल्ली में शाम 4:30 बजे प्रस्तावित है। वहीं, शनिवार को INDIA गठबंधन के नेता भी इस मुद्दे पर बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे।
दूसरी ओर, बीजेपी भी अपने लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी करने की तैयारी में है। पार्टी सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में उपस्थित रहने के निर्देश दे सकती है।
कौन सी पार्टी परिसीमन बिल के समर्थन में और कौन विरोध में?
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच भी एकमत नहीं है। समाजवादी पार्टी ने विधेयक का विरोध किया है, जबकि DMK और BRS ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं। कांग्रेस ने प्रस्तावित विधेयक को संविधान पर हमला करार दिया है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने DMK को चेतावनी देते हुए कहा है कि इस विधेयक का समर्थन करना ऐतिहासिक भूल होगी। उन्होंने इसे 'बीजेपी जिताओ बिल' बताते हुए आरोप लगाया कि इसके लागू होने से दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक ताकत कमजोर हो सकती है।
