views
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित आदतन सटोरिये को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके मोबाइल में ऑनलाइन सट्टा साइटों और सट्टा-पट्टी के अंकों के फोटो मिले हैं। इसके अलावा सट्टा-पट्टी, मोबाइल और नगद रकम भी जब्त की गई है।
पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर 2026 को पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे मोहम्मद इसाक कुरैशी मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है और दूसरों को भी सट्टा खिला रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों और हमराह स्टाफ के साथ मौके पर दबिश दी। यहां आरोपी को ऑनलाइन साइटों के माध्यम से विभिन्न अंकों और जोड़ियों पर सट्टा लगाते तथा सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया।
मोबाइल में मिली श्रीदेवी, टाइम बाजार और मिलन डे की जानकारी
पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण नामक ऑनलाइन सट्टा साइटों से संबंधित जानकारी मिली। मोबाइल में विभिन्न अंकों और जोड़ियों की सट्टा-पट्टी के फोटो भी पाए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टा खेलने के लिए लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। मौके से सट्टा-पट्टी, मोबाइल और नगद रकम जब्त की गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इसाक कुरैशी उर्फ निक्की, पिता स्वर्गीय ईस्माइल कुरैशी, निवासी वार्ड क्रमांक 06, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, कोरबा के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026 दर्ज किया है।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है।
कोरबा पुलिस की नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आसपास इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या चौकी अथवा डायल 112 पर सूचना दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा और जुआ कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
