Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
छत्तीसगढ़ में विधानसभा की 90 से बढ़कर 135 हो सकती हैं सीटें: CM साय बोले- क्षेत्र बढ़ेगा, प्रदेश का विकास होगा; धान खरीदी पर भी दिया बयान
छत्तीसगढ़ में विधानसभा की 90 से बढ़कर 135 हो सकती हैं सीटें: CM साय बोले- क्षेत्र बढ़ेगा, प्रदेश का विकास होगा; धान खरीदी पर भी दिया बयान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन से क्षेत्र बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ का विकास होगा। इसके साथ ही ज्यादा लोगों को प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दी गई। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करने की कोशिश की गई है।

छत्तीसगढ़ में 90 से बढ़कर 135 हो सकती हैं विधानसभा सीटें

प्रस्तावित बदलाव लागू होने पर छत्तीसगढ़ में विधानसभा की मौजूदा 90 सीटें बढ़कर 135 हो सकती हैं। इसी तरह लोकसभा की 11 सीटें बढ़कर 17 होने की संभावना है। यानी प्रदेश को 45 नए विधायक और 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बदलाव को प्रदेश के विकास और अधिक लोगों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलने के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। हालांकि, सीटों में वास्तविक वृद्धि परिसीमन की प्रक्रिया और संबंधित संवैधानिक प्रावधानों के लागू होने पर निर्भर करेगी।

धान खरीदी पर CM साय बोले- कोई संशय नहीं

धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में खरीदी सुचारू रूप से चल रही है। सरकार इसकी लगातार समीक्षा कर रही है। धान खरीदी को लेकर किसी प्रकार का संशय नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है और खरीदी अच्छे से संचालित हो रही है।

लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे पर CM ने दिया अपडेट

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार दुर्घटना को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी वर्मा ठीक हैं। सड़क हादसे में उन्हें थोड़ी चोट आई है, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य है। गौरतलब है कि खरोरा के पास हुए हादसे में सांसद का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ था। इसके बाद उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है।

दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज से दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सोलर प्लांट का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्लांट पंचायत से जुड़ा है, जिससे पंचायत को आमदनी होगी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का यह पहला गांव है, जहां इस तरह की पहल की गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री जशपुर में कर्मा महोत्सव और एक सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here