Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
सनसनीखेज हत्या: पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ देखकर पति ने कुल्हाड़ी से मार डाला, खाट से गिरने की सुनाई झूठी कहानी
सनसनीखेज हत्या: पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ देखकर पति ने कुल्हाड़ी से मार डाला, खाट से गिरने की सुनाई झूठी कहानी

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पत्नी की हत्या कर उसे हादसा बताने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक पति ने कथित तौर पर पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को बताया कि पत्नी खाट से गिर गई थी, जिससे उसके सिर में चोट लगी और मौत हो गई। परिजनों ने उसकी बात पर भरोसा कर शव दफना दिया, लेकिन मृतका की बहन को संदेह हुआ। उसकी शिकायत पर पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

खाट से गिरने की बताई कहानी, परिजनों ने दफनाया शव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पार्वती बाई (52) की शादी ग्राम खजूरबहार के चौहान पारा निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) से हुई थी। 6 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे पार्वती बाई की बहू ने उनकी छोटी बहन सीता बाई (45), निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर को फोन कर उनकी मौत की सूचना दी।

अगले दिन सीता बाई गांव पहुंचीं तो उन्होंने अपनी बड़ी बहन का शव घर के कमरे में देखा। पार्वती बाई के सिर और माथे पर चोट के निशान थे और खून भी निकला हुआ था। इस पर पति मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थीं। सिर में चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।

आरोपी की बात पर भरोसा कर परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफना दिया।

बहन को हुआ शक, 20 नवंबर को थाने पहुंचकर की शिकायत

कुछ समय बाद सीता बाई को अपनी बहन की मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उन्हें आशंका थी कि पार्वती बाई की हत्या की गई है और इसमें उनके पति का हाथ हो सकता है। इसके बाद 20 नवंबर को उन्होंने कुनकुरी थाने पहुंचकर संदिग्ध मौत की शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत जांच शुरू की। गवाहों के बयान दर्ज करने और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई।

चरित्र पर शक के चलते कुल्हाड़ी से किया हमला

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुखलाल राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(क) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर गुस्से में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी के पासा वाले हिस्से से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पार्वती बाई की मौत हो गई।

हत्या के बाद हादसे की कहानी गढ़ी

पुलिस के अनुसार, पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए परिजनों के सामने खाट से गिरने की झूठी कहानी सुनाई थी। इसी कहानी के कारण परिजनों ने शुरुआत में मौत को हादसा समझ लिया और शव दफना दिया।

हालांकि, मृतका की बहन के संदेह और शिकायत के बाद मामले की दोबारा जांच हुई और कब्र से शव निकलवाने पर हत्या का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here