views
कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में हसदेव नदी के सीतामढ़ी़ क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों पर खनिज विभाग के उड़़नदस्ता दल द्वारा कार्रवाई की गई। खनिज उड़नदस्ता दल ने सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान हसदेव नदी में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए 9 वाहनों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन नदी में फंसे हुए थे, जबकि कुछ वाहनों को संबंधित लोग मौके पर छोड़कर फरार हो गए। नगर पालिक निगम कोरबा की मदद से नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकाला गया।
जप्त वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा और खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रतिबंध सुनिश्चित करना, अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। नियमों का उल्लघंन करने, अवैध उत्खनन एवं परिवहन तथा भण्डारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़़ गौण खनिज नियम और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
