views
कोरबा। मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप में सोमवार शाम हुए हादसे में पेट्रोल पंप के मैनेजर ओमप्रकाश यादव की मौत हो गई। उनका शव पेट्रोल मिश्रित पानी से भरी सिंटेक्स टंकी में मिला था। प्रारंभिक जानकारी में घटना को हादसा बताया गया था, वहीं अब इस मामले में मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बताया गया कि 7 सितंबर को ओमप्रकाश यादव के बेटे करण को रुद्र कुमार कर्ष ने फोन कर पेट्रोल पंप पर कुछ घटना होने की जानकारी दी। इसके बाद वह अपनी मां के साथ आरजी पेट्रोल पंप पहुंचा। वहां ओमप्रकाश यादव को जमीन पर लेटाया गया था। बाद में 108 वाहन से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
👉🏻सीसीटीवी में ऑफिस से चाड़ी-गेलन लेकर जाते दिखे
मृतक के बेटे ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज देखने पर उसके पिता ऑफिस से चाड़ी और गेलन लेकर सिंटेक्स की ओर जाते दिखाई दिए। उसके अनुसार, ओमप्रकाश यादव पेट्रोल मिश्रित पानी की जांच करने के लिए सिंटेक्स की तरफ गए होंगे। इसी दौरान टंकी में भरे पेट्रोल मिश्रित पानी में डूबने से उनकी मौत होने की आशंका जताई गई है।
👉🏻सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल
रिपोर्ट में मृतक के बेटे ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंप संचालक द्वारा ज्वलनशील पदार्थ को खुले स्थान पर बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के रखा गया था। इसी टंकी में पेट्रोल मिश्रित पानी की जांच करने के दौरान उसके पिता की डूबने से मौत हुई। बेटे करण यादव ने संचालक की उपेक्षा और लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस ने पेट्रोल पंप के संचालक के खिलाफ धारा 106 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। मानिकपुर चौकी प्रभारी एसआई परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।
