views
कोरबा। जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में नशे में धुत रसोइए ने छठवीं कक्षा के छात्र पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद छात्रावास में हड़कंप मच गया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
छात्रावास में पदस्थ रसोईया केसर दुबे शराब के नशे में धुत होकर छात्रावास पहुंचा और वहां रह रहे कक्षा 6वीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से वार कर दिया। हमले में छात्र बाल-बाल बचा, लेकिन उसकी आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट आई है। घटना के वक्त छात्रावास अधीक्षक छुट्टी पर थे, जिसका फायदा उठाकर रसोईए ने इस वारदात को अंजाम दिया। घायल छात्र का उपचार कराने के बाद उसके पिता उसे घर ले गए हैं।
जनप्रतिनिधियों और छात्रों ने कहा है कि छात्रावास में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। रसोइए की मनमानी लंबे समय से चल रही थी और अधीक्षक की अनुपस्थिति में उसने इस गंभीर घटना को अंजाम दिया। उन्होंने ट्राइबल एसी (सहायक आयुक्त) से इस मामले में हस्तक्षेप कर छात्रावास की व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया है।
छात्रावास अधीक्षक की शिकायत के बाद कटघोरा पुलिस ने आरोपी रसोईया केसर दुबे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है, वहीं छुरी नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने कोरबा ट्राइबल एसी से रसोईए को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है। छात्रों का आरोप है कि वे लंबे समय से रसोईए के टॉर्चर और मारपीट को झेल रहे हैं।
