views
नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा अश्विन पूर्णिमा के पावन अवसर पर हसदेव नदी तट पर भव्य “हसदेव महा आरती” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिन्होंने उत्साह और श्रद्धा के साथ आरती में भाग लिया। हसदेव तट पर दीपों की मनमोहक छटा और भक्तिमय वातावरण ने कार्यक्रम को दिव्य बना दिया।कार्यक्रम के दौरान नमामि हसदेव सेवा समिति के संरक्षक एवं पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का शाल एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने हसदेव नदी के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति एकजुट होकर संकल्प लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेंद्र सिंह राजपूत (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद दीपका), अजय जायसवाल (अध्यक्ष, नगर पंचायत पाली) एवं श्रीमती पद्मिनी देवांगन (अध्यक्ष, नगर पंचायत छुरी) कार्यक्रम में शामिल हुए।
भक्तिमय संगीत, मंत्रोच्चार और दीपों की लौ से जगमगाते हसदेव तट का दृश्य अत्यंत अलौकिक रहा। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं ने हसदेव माता से क्षेत्र की समृद्धि, सुख-शांति और पर्यावरण संरक्षण की कामना की।




