views
फांसी के फंदे पर मिली ठेका कर्मी की लाश, मचा हड़कंप
कोरबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है यहां करतला में सड़क निर्माण में लगे ठेका कंपनी के एक कर्मचारी की लाश कैंप में फांसी के फंदे पर लटकी मिली है, जिसके बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि भारत माला योजना के तहत उरगा हाटी मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। सड़क निर्माण कार्य की जवाबदारी दिल्ली बिल्डकॉन नामक कंपनी को दी गई है। ठेका कंपनी का कैंप करतला में स्थित है । जहां रहकर कर्मचारी सड़क निर्माण का काम कर रहे हैं। इस कैंप में ठेका कंपनी के एचआर विभाग में कार्यरत मूलत: मध्यप्रदेश निवासी दीपक मिश्रा भी रहता था। शनिवार को कर्मचारी काम कर कैंप में लौटे तो दीपक की लाश पर नजर पड़ी। दीपक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
घटना की जानकारी सहकर्मियों ने तत्काल प्रबंधन के अलावा पुलिस को दी। करतला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक के मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।
