Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
छत्तीसगढ़ में 40 दिन बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित, CM विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद लिया फैसला
छत्तीसगढ़ में 40 दिन बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित, CM विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद लिया फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पीवी एप (PV App) के विरोध में पिछले 40 दिनों से आंदोलन कर रहे पटवारियों ने रविवार, 22 नवंबर को अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात के बाद राजस्व पटवारी संघ ने यह निर्णय लिया। पटवारियों के काम पर लौटने से प्रदेश में धान खरीदी और राजस्व संबंधी कामकाज में आ रही बाधाएं दूर होने की उम्मीद है।

दरअसल, पीवी एप के माध्यम से फसलों के भौतिक सत्यापन में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों को लेकर पटवारी लंबे समय से विरोध कर रहे थे। उनकी प्रमुख मांग इस एप को हटाने की थी। इसी बीच प्रदेश में धान खरीदी तिहार शुरू हो गया और पटवारियों की हड़ताल का असर किसानों से जुड़े कामकाज पर पड़ने लगा। दो दिन पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी पटवारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की थी।

Patwari Strike Ends: 22 नवंबर को हड़ताल स्थगित करने की घोषणा

राजस्व पटवारी संघ ने 22 नवंबर को सूचना जारी कर अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि, संघ ने सरकार के सामने अपनी लंबित मांगें भी रखी हैं। इनमें हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई विभागीय कार्रवाई को शून्य करने की मांग प्रमुख है।

संघ ने निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाई वापस लेने की मांग की है। इसके साथ ही आंदोलन की पूरी अवधि को कार्य दिवस मानते हुए नियमित वेतन देने की मांग की गई है।

पटवारियों ने वेतन विसंगति और पदोन्नति के मामलों में तत्काल निर्णय लेकर आदेश जारी करने की मांग भी रखी है। इसके अलावा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने की मांग की गई है।

पटवारियों की मांगों पर समिति करेगी विचार : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पटवारी संघ का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने मुख्यमंत्री निवास पहुंचा था। इस दौरान संघ ने हड़ताल स्थगित कर काम पर लौटने का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के निराकरण के लिए एक समिति का गठन किया गया है। समिति पटवारियों से भी सुझाव लेगी और जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा।

सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी चल रही है। वहीं चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना है। ऐसे समय में पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनका काम पर लौटना जरूरी है।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा बोले- पटवारियों की हड़ताल समाप्त

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने भी पटवारियों की हड़ताल समाप्त होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पटवारियों का आंदोलन खत्म हो चुका है। वहीं विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पटवारी संघ की मांगों को गंभीरता से सुना है और उनकी जायज मांगों को पूरा किया जाएगा।

करीब 40 दिनों से जारी इस आंदोलन के स्थगित होने से धान खरीदी व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है। अब किसानों को राजस्व और फसल सत्यापन से जुड़े कार्यों में तेजी आने की संभावना है।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here