views
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। कबाड़ी कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने और रकम लेते हुए ACB के हाथों गिरफ्तार होने के बाद राज्य कर विभाग ने यह कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया है।
रिश्वत लेते ACB ने किया था गिरफ्तार
मामले के अनुसार, कबाड़ी कारोबारी मोहम्मद शौएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से लदी गाड़ी को रोक लिया गया था। कारोबारी का दावा था कि उनके पास माल से संबंधित बिल मौजूद थे, इसके बावजूद गाड़ी रोककर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही गई।
आरोप है कि GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी ने गाड़ी छोड़ने और कार्रवाई से बचाने के एवज में पहले 2 लाख रुपये की मांग की। बाद में डेढ़ लाख रुपये में मामला तय हुआ। इसमें से 50 हजार रुपये पेनाल्टी के तौर पर काटने और शेष रकम देने की बात हुई।
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने जाल बिछाया और रिश्वत की रकम लेते हुए आंचल गिरी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त टीम शामिल थी।
निलंबन आदेश में क्या कहा गया?
छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त की ओर से जारी आदेश में रिश्वत मांगने के आरोप को गंभीरता से लिया गया है। विभाग ने इसे शासकीय कर्तव्य के दौरान गंभीर अनियमितता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उल्लंघन से जुड़ा मामला बताया है।
आदेश के अनुसार, आंचल गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, जगदलपुर संभाग निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी मिलेगा।
रिश्वत दिलाने में मदद करने वाला इमरान मेमन भी गिरफ्तार
ACB की जांच में इमरान मेमन (30 वर्ष), निवासी संजयनगर, कांकेर की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि GST अधिकारी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से ली थी।
ACB ने उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की है।
फिलहाल इस मामले में ACB की जांच जारी है। रिश्वतखोरी के आरोपों के बाद विभागीय निलंबन की कार्रवाई से राज्य कर विभाग में भी मामला चर्चा में है।
