views
नगर निगम के कोरबा जोन अंतर्गत सुनालिया ब्रिज से मस्जिद होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक पावरहाउस रोड का डामरीकरण कराया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
निगम के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान कुछ दुकानदारों एवं अन्य लोगों द्वारा सड़क पर पानी डाला जा रहा था। दुकानों के सामने पानी बहाने और वाहनों की धुलाई जैसी गतिविधियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका थी। निगम द्वारा लगातार समझाइश देने के बावजूद जब लापरवाही जारी रही, तब 25 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई की गई।
नवीन इलेक्ट्रिकल, अग्रवाल स्टोर और मोती ब्रदर्स पर जुर्माना
सड़क पर पानी डालने के मामले में नगर निगम ने नवीन इलेक्ट्रिकल, अग्रवाल स्टोर और मोती ब्रदर्स पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। तीनों दुकानों पर कुल 6 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि सड़क पर पानी डालने से यदि निर्माण कार्य अथवा सड़क को नुकसान पहुंचता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित दुकान की होगी। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
