views
गुमशुदा लोगों को ढूंढने में बस्तर पुलिस छत्तीसगढ़ में अव्वल:तीन साल में 1003 लोग परिवार से बिछड़े, 943 मिले, गुजरात-एमपी में मिले नाबालिग बच्चे
बस्तर पुलिस लापता लोगों को ढूंढ़ने और उन्हें उनके परिवार से मिलाने में प्रदेश में अव्वल है। साल 2021 से 2023 तक करीब 1003 लोगों के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने 943 लोगों को ढूंढ निकाला और उन्हें परिजनों से मिलाया है।
पुलिस ने बताया कि, 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। 94 प्रतिशत गुम हुए इंसानों की तलाश कर बस्तर पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य में अव्वल स्थान प्राप्त किया है।
साल 2023 में 316 लोगों को ढूंढा
जिला पुलिस ने साल 2023 में 351 लापता लोगों में से 6 बालक, 64 बालिका, 193 महिला और 88 पुरुषों में से 316 लोगों को ढूंढ निकाला है। जिसमें 6 बालक, 63 बालिका, 166 महिला और 81 पुरुष शामिल हैं।। वहीं, 2023 से पहले के 56 गुम लोगों की तलाश कर कुल 407 परिवारों को लौटाया है।
गुजरात और एमपी में मिले नाबालिग बच्चे
इन प्रकरणों में साल 2017 और 2019 के नाबालिग भी शामिल हैं। जिन्हें तकनीकी आधार पर तलाश कर गुजरात और मध्यप्रदेश से खोजा गया है। अब जिला प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त कर चुका है।
