views
महतारी वंदन योजना, आवेदन के पहले दिन ही सर्वर फेल:कई जिलों में ऑफलाइन कर्मचारियों ने भरे फार्म; छत्तीसगढ़ में 1.80 लाख आवेदन
छत्तीसगढ़ में 5 फरवरी से महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरना शुरू हुआ। पहले दिन ही 33 जिलों में कई जगह लोड बढ़ने से सर्वर डाउन हो गया। जिसके कारण कर्मचारी ऑफलाइन फॉर्म भरते दिखे। हालांकि इसके बाद भी 1 लाख 80 हजार आवेदन पहले दिन भरे गए।
सरकार के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने ऑनलाइन पोर्टल बना है और उसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास विभाग को मिली है। सर्वर डाउन होने से ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी केंद्र, वार्ड पार्षद कार्यालय और चॉइस सेंटर संचालक और आवेदनकर्ता जूझते दिखे।

ऑनलाइन फॉर्म ना भरने के कारण पूर्व निर्देश के मुताबिक, आवेदनकर्ताओं को फॉर्म ऑफलाइन भराया गया। सर्वर में दिक्कत आने की समस्या पर दैनिक भास्कर की टीम ने अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि, तकनीकी समस्या को दूर करने की कोशिश की जा रही है।
रायपुर में ऑप्शनल दस्तावेजों के इस्तेमाल से भरे गए फॉर्म
रायपुर के घड़ी चौक स्थित चॉइस सेंटर में सुबह 10 बजे से ही बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिजनों के साथ पहुंची थी। चॉइस सेंटर संचालक के अनुसार जानकारी के अभाव में आरंग की महिलाएं वहां के राशन कार्ड को फॉर्म में अटैच करवा रही थी।
बड़ी संख्या में महिलाओं ने मैरिज सर्टिफिकेट नहीं होने की भी बात कही। इसके बाद शपथ पत्र लेकर उनकी समस्या का समाधान किया गया। चॉइस सेंटर संचालक के अनुसार, इसके लिए अधिकारियों को पहले पूरी जानकारी देनी चाहिए थी।

निराश लौटना पड़ा महिलाओं को, गिनती के फॉर्म भरे
सरगुजा संभाग में महतारी वंदन योजना फॉर्म भरने के पहले दिन गिनती के फार्म आंगनबाडी केंद्रों में पहुंचे थे। फॉर्म भराने को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग की कोई तैयारी नहीं हुई थी। वहीं ऑनलाइन फॉर्म का पोर्टल ही नहीं खुला।
महिलाएं सैकड़ों की संख्या में चॉइस सेंटर में पहुंची, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। सोमवार को संभाग के आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ताओं को फॉर्म भरने की ट्रेनिंग दोपहर को बाद अधिकारियों ने दी। सरगुजा संभाग के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर एवं एमसीबी में भी पहले दिन गिनती के ही फॉर्म भरे जा सके।

बिलासपुर में परिजनों को लेकर पहुंची महिलाएं
बिलासपुर में महतारी वंदन योजना का आवदेन जमा करने के लिए महिलाएं अपने परिजनों के साथ पहुंची। फॉर्म भरने से पहले महिलाएं फॉर्म भरने के दौरान लगने वाले दस्तावेजों की जानकारी लेती हुई दिखी।
फॉर्म भराने अपने पति के साथ पहुंची महिला देवती साहू ने बताया, कि मेरा खाता नहीं है। फॉर्म भर रहे कर्मचारियों ने खाता खुलाने और फॉर्म में लगने वाले दस्तावेजों की जानकारी दी है। दस्तावेज पूरा करके जल्द फॉर्म भरवाऊंगी।

दुर्ग में ऑफलाइन फॉर्म भरा गया
जिले में महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरवाने के लिए सुबह से महिलाएं पहुंची हुई थी। महिलाओं ने बताया, कि उनका फॉर्म निशुल्क भरा जा रहा है। ऑनलाइन फॉर्म भरने में दिक्कत हो रही थी, तो कर्मी ऑफलाइन फॉर्म भर रहे हैं।
आंगनबाडी और चॉइस सेंटर में मौजूद कर्मियों के अनुसार ऑफलाइन फॉर्म काे सर्वर ठीक होने के बाद ऑनलाइन भरा जाएगा।
