views
खौलती खीर से झुलसा छात्र, अब BEO सस्पेंड:हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद शासन ने मानी लापरवाही, हेडमास्टर और टीचर भी हो चुके निलंबित
बिलासपुर में खौलती हुई खीर में गिरने से छात्र के झुलसने के मामले में हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद शासन ने बिल्हा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) आरएस राठौर को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा दूसरे मामलों में भी BEO की लापरवाही उजागर हुई है, जिसके बाद उनके खिलाफ ये कार्रवाई की गई है। इस मामले में हेडमास्टर और मध्याह्न भोजन प्रभारी टीचर को पहले ही सस्पेंड कर दिया गया है।
हालांकि, यह भी बताया गया है कि बिल्हा BEO के खिलाफ विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। चुनाव आचार संहिता के दौरान बिल्हा के शहरी स्रोत समन्वयक क्रांति साहू पर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने की शिकायत हुई थी, जिस पर कलेक्टर ने शिक्षक क्रांति साहू को निलंबित किया था। लेकिन, BEO आरएस राठौर ने टीचर क्रांति साहू को निलंबन आदेश नहीं दिया। साथ ही निलंबन के बाद भी उनकी एक माह तक उपस्थिति बताई। इसके साथ ही विकासखंड के कई प्राथमिक, माध्यमिक शाला के जर्जर भवन में छात्रों की पढ़ाई कराए जाने की घटना को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। BEO पर स्कूलों की नियमित जांच और व्यवस्था बनाने में लापरवाही सामने आई है।

खौलती हुई खीर में गिरने से झुलस गया था छात्र
बीते 18 दिसंबर को बिल्हा ब्लॉक के दोमुहानी स्थित शासकीय प्राइमरी स्कूल का एक छात्र मध्याह्न भोजन वितरण के समय उबलती हुई खीर में गिरकर बुरी तरह से झुलस गया था। मामला सामने आने के बाद DEO टीआर साहू ने जांच के लिए टीम गठित की है। जिसमें हेडमास्टर और मिड डे मील भोजन प्रभारी टीचर की लापरवाही सामने आई।

