views
यूथ कांग्रेस में गुटबाजी और गैंगवार पर बड़ा एक्शन:प्रदेश अध्यक्ष ने 4 पदाधिकारियों को किया सस्पेंड, कहा- पार्टी की छवि खराब की
बिलासपुर में युवक कांग्रेस की गुटबाजी और गैंगवार पर प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है। इसमें जिलाध्यक्ष जयकिशन यादव राजू, उपाध्यक्ष नितेश सिंह, मस्तूरी उपाध्यक्ष विश्वजीत अनंत और बिल्हा अध्यक्ष सुनील साहू को निष्कासित कर पद से हटा दिया गया है।
कुछ दिन पहले गुटबाजी और गैंगवार के बाद इन पदाधिकारियों ने थाने का घेराव किया और जातिगत रंग देकर पार्टी की छवि को धूमिल किया, जिसके बाद डैमेज कंट्रोल करने के लिए दोनों गुटों के नेताओं पर कार्रवाई की गई है। अब ये सभी पदाधिकारी के तौर पर काम नहीं कर पाएंगे।
इस संबंध में प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आकाश शर्मा ने इन्हें पत्र जारी किया है, जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। छह माह पहले युवक कांग्रेस में बिलासपुर के ग्रामीण जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मस्तूरी विधानसभा उपाध्यक्ष और बिल्हा विधानसभा अध्यक्ष बने थे। ये पदाधिकारी सात माह तक ही अपने पदों में रह सके। अक्टूबर 2022 में इन्हें पद मिला था लेकिन आपस में मारपीट करने और पार्टी की छवि धूमिल करने के मामले में इन्हें हटा दिया गया।
कुछ दिन पहले इनके बीच गैंगवार हो गया था, जिसके बाद एक पक्ष ने कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। फिर भी बात नहीं बनी तो मामले को जातिगत रंग देकर दबाव बनाया और केस दर्ज करा दिया। बताया जा रहा है कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इन्हें हटाया गया है। प्रदेश युवा कांग्रेस ने बुधवार को बिलासपुर जिलाध्यक्ष जयकिशन यादव राजू, उपाध्यक्ष नितेश सिंह, मस्तूरी उपाध्यक्ष विश्वजीत अनंत और बिल्हा अध्यक्ष सुनील साहू को पदों से हटा दिया। इस संबंध में प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आकाश शर्मा ने इन्हें पत्र जारी किया। प्रदेश युवा कांग्रेस ने इन पदाधिकारियों के खिलाफ मिली शिकायतों को गंभीरता से लिया और कार्रवाई की। इनके खिलाफ सीधे निष्कासन की कार्रवाई हुई है