views
हाथियों को खदेड़ने खेतों में आग लगाने को मजबूर ग्रामीण:केंदई रेंज में 33 हाथियों का झुंड; फसलों और घरों को पहुंचा रहे नुकसान
कोरबा के कटघोरा वनमंडल में हाथियों के उत्पात से ग्रामीण इतने परेशान हो गए हैं कि वे उन्हें खदेड़ने के लिए अपने खेतों में आग लगाने को मजबूर हो गए हैं। शुक्रवार रात को भी केंदई रेंज के पचरा गांव में रहने वाले ग्रामीणों ने अपने खेत में मौजूद पलारी में आग लगा दी, ताकि हाथियों का दल उनके घर तक न पहुंच सके।
जानकारी के मुताबिक, कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में 33 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, जिसे रोकने में वन अमला नाकाम साबित हुआ है। वन विभाग केवल अलर्ट जारी कर खानापूर्ति कर रहा है। किसानों ने केंदई रेंज के गांवों में फसलों को बर्बाद कर दिया है, जिसकी वजह से किसान खेतों में रखी पलारी में आग लगा रहे हैं, ताकि किसान इधर नहीं आएं। पचरा गांव में भी किसानों ने पलारी में आग लगा दी, जिससे वे धू-धूकर जलने लगी। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी।
गांववालों ने बताया कि हाथियों के झुंड ने फसलों को रौंदने के अलावा घरों को भी तोड़ दिया है, जिसके कारण वे परेशान हैं। हाथियों से बचने के लिए ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं। लोगों ने कहा कि हाथी के डर से उनका जंगल में जाना मुश्किल हो गया है। वन विभाग पर भी गांववालों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारी हाथियों को खदेड़ने में असफल साबित हुए हैं। वनकर्मी केवल मुनादी कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लेते हैं।