Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
Constitution Day 2026: संविधान दिवस पर PM मोदी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- OBC आरक्षण घटाकर मुस्लिम आरक्षण लाना चाहती है सबसे ब
Constitution Day 2026: संविधान दिवस पर PM मोदी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- OBC आरक्षण घटाकर मुस्लिम आरक्षण लाना चाहती है सबसे ब

नई दिल्ली। संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के सबसे बड़े राजनीतिक दल पर तीखा हमला बोला है। अपने लेख के जरिए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण में कटौती कर मुस्लिम आरक्षण लागू करना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने के लिए भी विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार और न्याय दिलाने से अब कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।

OBC आरक्षण और मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लेख में कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि विपक्ष का सबसे बड़ा राजनीतिक दल OBC आरक्षण को कम करके मुस्लिम आरक्षण लागू करना चाहता है। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि वे इस तरह के आरक्षण के पूरी तरह खिलाफ थे।

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है।

अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने संविधान के अनुच्छेद 356 का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए इस अनुच्छेद का बार-बार दुरुपयोग किया गया।

पीएम मोदी के मुताबिक, एक राजनीतिक दल ने करीब 100 बार अनुच्छेद 356 लागू किया था। एक पूर्व प्रधानमंत्री ने तो इस मामले में अकेले ही अर्धशतक पूरा कर लिया था। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संघीय ढांचे के लिए चिंताजनक बताया।

अनुच्छेद 370 और 35A को लेकर कांग्रेस पर निशाना

प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े अनुच्छेद 370 और 35A का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके कारण राज्य को सात दशक से अधिक समय तक भारतीय संविधान के पूर्ण अधिकार नहीं मिल पाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 तक जम्मू-कश्मीर में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और महिलाओं के अधिकार प्रभावित होते रहे।

महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्ष को घेरा

पीएम मोदी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसके बावजूद महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के प्रयासों में बाधाएं खड़ी की गईं।

उन्होंने महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का जिक्र करते हुए विपक्ष पर इसे पारित नहीं होने देने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भारत की नारी शक्ति को न्याय और उचित प्रतिनिधित्व दिलाने से कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।

विपक्ष को बताया 'अवरोध पक्ष'

प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, लेकिन दुर्भाग्य से प्रमुख विपक्षी दल विरोध पक्ष के बजाय 'अवरोध पक्ष' बन गया है।

उन्होंने कहा कि संसद की कार्यवाही और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बाधित करना संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने का विकल्प नहीं हो सकता। विपक्ष को अपनी भूमिका रचनात्मक तरीके से निभानी चाहिए।

क्या है महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा विधेयक?

महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से लाए गए प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक में परिसीमन के जरिए लोकसभा की सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव था।

इसका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना था।

इस विधेयक को लोकसभा में पारित करने के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी, लेकिन आवश्यक समर्थन नहीं मिलने के कारण अप्रैल में यह पारित नहीं हो सका। अब इस पर सबकी नजर संसद के आगामी सत्र पर रहेगी।

नक्सलवाद के खात्मे को बताया बड़ी उपलब्धि

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में नक्सलवाद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सलियों ने देश के कई हिस्सों, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में गरीब और वंचित लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से दूर रखा।

उन्होंने इस साल माओवादियों के खात्मे को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब आदिवासी नागरिक बिना किसी डर के अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

हालांकि, उन्होंने 'दिमागी नक्सलियों' को लेकर भी चेतावनी दी। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग आज की वास्तविकताओं से दूर रहते हुए देश की विकास यात्रा को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।

संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री का यह लेख राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इसमें उन्होंने आरक्षण, महिला सशक्तिकरण, जम्मू-कश्मीर, नक्सलवाद और संसद में विपक्ष की भूमिका जैसे कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी है।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here