views
जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम लिमतरा, परेवाडीह और कुरमातराई में पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर ताशपत्ती जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने कुल 5,520 रुपये नगद और ताशपत्तियां जब्त की है।पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर ताश के जरिए जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार स्थानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान ग्राम लिमतरा के कला मंच के पास दो अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं ग्राम परेवाडीह में बडरा तालाब के सामने मेन रोड से 2 और ग्राम कुरमातराई में रंगमंच शेड के नीचे से 2 जुआरियों को पकड़ा गया। इस तरह कुल 11 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े।
