views
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर तहसील कार्यालय में सरकारी कर्मचारी की कार्यशैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने, कुर्सी पर सोने, अधिवक्ता के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने और शासकीय कार्य करने से इनकार करने के आरोप में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सख्त कार्रवाई की है। नायब तहसीलदार के रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में उन्हें कोटा तहसील कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
कुर्सी पर सोते मिले रीडर, फाइल आगे बढ़ाने से किया इनकार
मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित जरूरी फाइल लेकर बिलासपुर तहसील कार्यालय पहुंचे थे। यहां नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत के रीडर के रूप में पदस्थ रवि शंकर सूर्यवंशी अपनी कुर्सी पर सोते हुए मिले।
अधिवक्ता ने जब संबंधित फाइल को आगे की प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत करने को कहा, तो आरोप है कि रीडर ने काम करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि कर्मचारी शराब के नशे में था और उसने उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया।
अधिवक्ता ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
तहसील कार्यालय के भीतर हुए विवाद के दौरान अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित ने अपने मोबाइल फोन से कर्मचारी का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो में कर्मचारी कार्यालय के भीतर अपनी कुर्सी पर सोता दिखाई दे रहा है।
इसके बाद अधिवक्ता ने पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर संजय अग्रवाल से की। उन्होंने कर्मचारी पर ड्यूटी में लापरवाही, नशे की हालत में कार्यालय पहुंचने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
SDM की जांच रिपोर्ट के बाद कलेक्टर का एक्शन
शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लिया और एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। एसडीएम ने पूरे घटनाक्रम की जांच कर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को प्रस्तुत की।
जांच रिपोर्ट में रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। इसके आधार पर कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनकी संबद्धता कोटा तहसील कार्यालय में निर्धारित की गई है।
सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद राजस्व विभाग में हलचल मच गई है। तहसील कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण शासकीय संस्थान में कर्मचारी के कथित नशे में मिलने और अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार के आरोपों ने सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी कर्मचारियों की जवाबदेही और कार्यालयीन अनुशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल एसडीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
