views
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत के मामले में करीब 4 महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच में परिवार के मुखिया कारोबारी साजिद अली को पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का जिम्मेदार पाया गया है। जांच के मुताबिक, साजिद ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने में कीटनाशक मिलाकर दिया था। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जांच में सट्टे के कारोबार में नुकसान, नशे की लत और आर्थिक तंगी को इस घटना की प्रमुख वजह बताया गया है।
यह मामला रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर का है। घटना के बाद से पुलिस की SIT अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही थी। अब जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं।
सट्टे के कारोबार में हो रहा था नुकसान
पुलिस जांच के अनुसार, कारोबारी साजिद अली गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाने का काम करता था। इस कारोबार में उसे लगातार नुकसान हो रहा था। बताया गया कि नुकसान के चलते उसने बाद में सट्टे का काम बंद कर दिया था। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई थी।
बैंक खातों में 5 साल में 70 लाख का लेनदेन
SIT ने जांच के दौरान साजिद अली के बैंक खातों की भी पड़ताल की। इसमें पिछले पांच साल के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। पुलिस ने सट्टे के कारोबार में हुए नुकसान और काम बंद होने के बाद पैदा हुई आर्थिक तंगी को इस सामूहिक मौत की घटना की मुख्य वजह माना है।
पहले पत्नी और बच्चों को दिया कीटनाशक, फिर खुद लगाई फांसी
जांच में सामने आया कि साजिद अली ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों के खाने में कीटनाशक मिला दिया था। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना में परिवार के सभी पांच सदस्यों की मौत हो गई थी।
करीब चार महीने तक चली जांच के बाद SIT ने साजिद अली को पत्नी और बच्चों की हत्या के लिए जिम्मेदार पाया है। पुलिस की जांच में आर्थिक तंगी, सट्टे में नुकसान और नशे की लत जैसे पहलुओं को घटना से जोड़कर देखा गया है।
