कोरबा में नकली नोट खपाते 2 आरोपी गिरफ्तार: दशहरा मेले में दुकानों पर चला रहे थे, 200 के 15 नोट जब्त*
views
कोरबा।* सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोट खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। दशहरा मेले में भीड़ का फायदा उठाकर 200 रुपए के नकली नोट चला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई आरपी नगर फेज-1 इलाके में की गई। आरोपी खिलौने बेचने और ठेला लगाने की आड़ में नकली नोट खपा रहे थे। वे दशहरा मेले में लगी दुकानों और ठेलों पर सामान खरीदने के बहाने 200 रुपए के नकली नोट चला रहे थे।
बाजार में 200 रुपए के नोट कम चलने के कारण लोग आसानी से नकली नोटों को पहचान नहीं पा रहे थे। आरोपी इसी का फायदा उठा रहे थे। इसी दौरान एक दुकानदार को नोट छूते ही उसके नकली होने का शक हुआ। उसने चुपचाप सिविल लाइन थाना पुलिस को फोन कर मौके पर बुला लिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
*साधारण कागज पर छाप रहे थे नोट*
पूछताछ में पता चला कि आरोपी साधारण कागज पर 200 रुपए के नोट की प्रिंटिंग कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 200 रुपए के 15 नकली नोट जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत 3000 रुपए है।
आरोपियों ने बताया कि गिरोह में शंभू नाम का युवक नकली नोट छापने का काम करता था, जबकि दूसरा आरोपी उन्हें बाजार और मेले में खपाता था। दोनों ने हाल ही में नकली नोट चलाना शुरू किया था।
*गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश*
एएसपी लखन पटले ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों के निवास, अब तक खपाए गए नोटों और नोट छापने के ठिकाने की जांच कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
