views
मेयर संजू देवी ने। दर्री के साडा कॉलोनी में कई दिनों से अंधेरे, अघोषित बिजली कटौती और लगातार ट्रिपिंग से परेशान कॉलोनीवासियों के लिए आखिरकार राहत की खबर सामने आई है। समस्या को लेकर नागरिकों ने जब महापौर से गुहार लगाई तो उन्होंने इसे महज शिकायत मानकर टालने के बजाय तत्काल संज्ञान लिया और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने के सख्त निर्देश दिए।
महापौर के हस्तक्षेप का असर ऐसा हुआ कि बिजली विभाग के आला अधिकारी सीधे साडा कॉलोनी के अग्रसेन भवन पहुंचे। वहां नागरिकों के साथ आमने-सामने बैठक हुई और बिजली व्यवस्था की जमीनी स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस जनहित के मुद्दे पर कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान और प्रेस क्लब दर्री अध्यक्ष अनिल द्विवेदी भी नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े रहे। पत्रकार प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने कॉलोनीवासियों की परेशानी को प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
बैठक में अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर, कार्यपालन अभियंता राजेश चौहान सहित बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्र की पार्षद सुखविंदर कौर ने भी नागरिकों की मांगों का समर्थन करते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
महापौर के निर्देश का तत्काल असर, 15 दिन के लिए विशेष अधिकारी तैनात
बैठक में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर ने बड़ा फैसला लेते हुए अगले 15 दिनों के लिए साडा कॉलोनी में विशेष सहायक अभियंता की तैनाती की घोषणा की।
यह अधिकारी क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे और ट्रिपिंग सहित तकनीकी समस्याओं के तत्काल निराकरण की जिम्मेदारी संभालेंगे। तकनीकी टीम को भी जरूरी सुधार कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिर्फ तात्कालिक राहत नहीं, स्थायी समाधान का भी रास्ता साफ
सबसे बड़ी राहत यह रही कि बिजली विभाग ने केवल मौजूदा समस्या को दूर करने का भरोसा नहीं दिया, बल्कि स्थायी समाधान की समयसीमा भी तय कर दी।
अधिकारियों के मुताबिक दो माह के भीतर साडा कॉलोनी को नए विद्युत सब-स्टेशन से जोड़ दिया जाएगा। इसके बाद क्षेत्र में बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और बिजली आपूर्ति की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
जनता ने कहा: ऐसा हो जनप्रतिनिधि तो समस्या लेकर भटकना नहीं पड़े
महापौर के त्वरित हस्तक्षेप से प्रभावित कॉलोनीवासियों ने कार्रवाई के लिए महापौर और पार्षद सुखविंदर कौर का आभार जताया। नागरिकों ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि जनता की समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझकर अधिकारियों पर जवाबदेही तय करते हैं, तो व्यवस्था को भी कार्रवाई करनी पड़ती है।
साडा कॉलोनीवासियों ने जनहित के इस मुद्दे पर मजबूती से साथ खड़े रहने के लिए कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान और प्रेस क्लब दर्री अध्यक्ष अनिल द्विवेदी का भी आभार व्यक्त किया।
हालांकि नागरिकों ने साफ कर दिया कि अब निगाहें बिजली विभाग की तय समयसीमा पर रहेंगी। यदि 15 दिनों में बिजली व्यवस्था में सुधार और दो माह में नए सब-स्टेशन से जोड़ने का वादा पूरा नहीं हुआ, तो जनप्रतिनिधियों, प्रेस और नागरिकों के संयुक्त नेतृत्व में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल साडा कॉलोनी की लड़ाई ने यह जरूर दिखा दिया है कि जब जनता एकजुट हो, जनप्रतिनिधि दृढ़ता से खड़े हों और मीडिया आवाज बने, तो वर्षों से चली आ रही समस्या पर भी सिस्टम को झुकना पड़ता।
