views
होटल में रसोई गैस की रिफिलिंग:किचन सेंटर से 9 सिलेंडर जब्त, घरेलू गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल पर खाद्य विभाग का छापा
बिलासपुर में रसोई गैस सिलेंडर की रिफिलिंग कर इसका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, जिस पर खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर 9 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। खाद्य अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। दुकान से टीम ने गैस रिफिलिंग करने का सामान भी बरामद किया है।
कलेक्टर अवनीश शरण ने खाद्य विभाग की टीम को घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद भी खाद्य विभाग की टीम सक्रियता नहीं दिखा रही है। गुरुवार को खाद्य विभाग को शिकायत मिली कि सरकंडा के बहतराई स्थित महामाया किचन सेंटर में गैस रिफिलिंग की जा रही है।

टीम को छापेमारी में मिले 9 गैस सिलेंडर
टीम ने महामाया किचन सेंटर में छापेमारी की। जांच के दौरान टीम ने 9 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए और एक पांच किलोग्राम का सिलेंडर भी मिला है। वहां कार्यरत कर्मचारी टीकाराम साहू ने पूछताछ में बताया कि किचन सेंटर का संचालन गोपीराम साहू करता है।
जांच के दौरान किचन सेंटर से रिफिलिंग में उपयोग करने वाला नोजल और दो पाइप भी जब्त किया गया है। मामले में खाद्य अधिनियम 1955 के तहत केस दर्ज किया गया है। साथ ही सिलेंडर को बिरकोना स्थित इंडेन गैस एजेंसी को सौंपा गया है।
शहर में कई जगह ब्लैक में मिलता है गैस सिलेंडर
शहर में सरकंडा, चांटापारा, तारबाहर, सिरगिट्टी, मंगला चौक, मुंगेली नाका, जूना बिलासपुर, करबला, पुराना बस स्टैंड, तेलीपारा, चांटीडीह सहित कई ऐसे इलाके हैं, जहां ब्लैक में गैस सिलेंडर मिलता है। यहां बर्तन और किराना व्यवसायी महंगे दाम पर गैस सिलेंडर बेचते हैं।
